Uttarakhand
देहरादून। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर उत्तराखंड के जलागम क्षेत्रों में 2 अक्टूबर को ‘रिफॉर्म उत्सव’ मनाया जाएगा। भूमि संसाधन विभाग, ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के तहत आयोजित होने वाले इस उत्सव का उद्देश्य जलागम परियोजनाओं की गतिविधियों को ग्रामीणों तक पहुंचाने के साथ-साथ जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।

चार जिलों में होंगे मुख्य आयोजन
जलागम विकास घटक-प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के तहत आच्छादित पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा और पौड़ी जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी कहकशां नसीम ने संबंधित जनपदों को ग्राम सभा स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
कार्यक्रमों के दौरान ग्रामीणों को जलागम परियोजना के तहत संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही योजना से लाभान्वित लोगों को मिली सुविधाओं और योजनाओं के बारे में भी ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा।
वृक्षारोपण समेत कई गतिविधियां प्रस्तावित
‘रिफॉर्म उत्सव’ के तहत जलागम क्षेत्रों में वृक्षारोपण सहित विभिन्न जनभागीदारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके जरिए जल संरक्षण, भूमि संसाधन प्रबंधन और जलागम परियोजनाओं से जुड़ी गतिविधियों के प्रति ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर रहेगा।
5 से 9 अक्टूबर तक भी होंगे कार्यक्रम
2 अक्टूबर के मुख्य आयोजन के बाद 5 से 9 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न चरणों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य जलागम क्षेत्रों में जनभागीदारी की अवधारणा को मजबूत करते हुए इसे धीरे-धीरे जनआंदोलन का स्वरूप देना है।
बता दें कि निदेशालय ने सभी जनपदों के उप परियोजना निदेशकों और सदस्य सचिवों को कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पंचायतीराज विभाग के रोस्टर के अनुसार ग्रामों का चयन कर संबंधित विभागों के समन्वय से कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया है।
