देहरादून के पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा और बेटे पर 23 लाख हड़पने के आरोप, SSP ने दिये जांच के आदेश

देहरादून – नगर निगम के पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा के बेटे शाश्वत उनियाल पर नगर निगम की दुकानें आवंटित कराने के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है. पीड़ित विजय राज चौहान ने पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा, उनके बेटे शाश्वत उनियाल और नगर निगम कर्मचारी दिनेश खन्ना समेत अन्य लोगों के खिलाफ एसएसपी से शिकायत की है. शिकायत पर एसएसपी ने जांच के आदेश दिए हैं. सीओ डालनवाला पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं।

 

पूर्व मेयर और उनके बेटे के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत

जानकारी के अनुसार विजय राज चौहान और सूरज पाल सिंह ने एसएसपी को शिकायत दर्ज कराई है कि साल 2019 में नगर निगम की जमीन पर तीन दुकानें आवंटित कराने के नाम पर करीब 45 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था. आरोप है कि पूर्व मेयर के बेटे शाश्वत उनियाल ने राजपुर रोड और मसूरी रोड क्षेत्र में दुकानें दिलाने का भरोसा देकर अलग-अलग किस्तों में रकम ली.

ये भी पढ़ें:   चुनाव से पहले धामी सरकार का महिलाओं के लिए तोहफा, बैंणी भुली योजना से महिलाओं को मिलेगी प्रोत्साहन राशि

 

नगर निगम की दुकानें आवंटित करने का है मामला

इसके बाद साल 2023 में भी मसूरी रोड स्थित खाला गांव के मैगी प्वाइंट और कुठाल गेट के पास दुकानें आवंटित कराने का आश्वासन दिया गया. इसके बाद नगर निगम कर्मचारी दिनेश खन्ना से मुलाकात कराई गई और दस्तावेज भी लिए गए. पीड़ित का आरोप है कि तय समय बीतने के बाद भी उसे कोई दुकान आवंटित नहीं हुई. साल 2025 में रकम वापस मांगने पर कुछ पैसा लौटाया गया, लेकिन करीब 23 लाख रुपए अब भी बकाया हैं. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि रकम मांगने पर उसे और उसके परिवार को धमकाया गया. घर पहुंचकर दबाव बनाने और तोड़फोड़ करने के आरोप भी लगाए गए हैं।

ये भी पढ़ें:   2027 के लिए भाजपा का मेगा प्लान,21 नवम्बर से बैठकों का दौर होगा शुरू –

 

आरटीआई से खुलासा होने का दावा

पीड़ित के मुताबिक, सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत नगर निगम से जानकारी जुटाने पर पता चला कि जिन दुकानों को स्थायी रूप से आवंटित कराने का भरोसा दिया गया था, वे अस्थायी दुकानें थीं. आरोप है कि इसके बावजूद दुकानें आवंटित कराने के नाम पर उससे रकम ली गई। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा, उनके बेटे शाश्वत उनियाल और नगर निगम कर्मचारी दिनेश खन्ना समेत अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और धमकी देने के आरोपों की शिकायत आई है. जांच कर मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है. एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने शिकायत की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

ये भी पढ़ें:   2027 के लिए भाजपा का मेगा प्लान,21 नवम्बर से बैठकों का दौर होगा शुरू –

 

इसके साथ ही सुनील उनियाल गामा ने यह भी कहा कि वह इस पूरे मामले की जांच भी जरूर करेंगे क्योंकि एक ऐसा व्यक्ति जिसकी महीने की कमाई 8 से 10 हजार हो वह अगर इतने ज्यादा पैसे दे रहा है तो वह उसके पास कहां से आए इसकी भी जांच होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *