
Uttarakhand
देहरादून – उत्तराखंड में खराब मौसम और भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए चारधाम यात्रा को एहतियातन स्थगित कर दिया गया है।
गढ़वाल मंडल आयुक्त ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए 26 सितंबर से 27 सितंबर तक चारधाम यात्रा स्थगित रखने के निर्देश दिए हैं।

दरअसल, मौसम विभाग ने 27 सितंबर को उत्तराखंड के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। चारधाम यात्रा मार्गों पर खराब मौसम, तेज बारिश और भूस्खलन के संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने यह फैसला लिया है। IMD के चारधाम पूर्वानुमान में भी 27 सितंबर को भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।
देहरादून, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार में अत्यंत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि चमोली, उत्तरकाशी और ऊधम सिंह नगर में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम सामान्य होने तक यात्रा स्थगित रखने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। मौसम में सुधार के बाद यात्रा दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।
